ईरान-इजरायल जंग का बढ़ता दायरा, ट्रंप-मुनीर मीटिंग से पाकिस्तान पर मंडराया संकट

 

ईरान और इजरायल के बीच जारी युद्ध अब और भयानक होता जा रहा है। इजरायल की एयरफोर्स ने अराक के पास स्थित ईरान के परमाणु रिएक्टर पर बड़ा हवाई हमला किया, जिसमें 40 फाइटर जेट्स का इस्तेमाल हुआ। इसके जवाब में ईरान ने बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं जो सीधे इजरायल के शहरों में गिरीं। तेल अवीव और बीरशेवा के सोरोका अस्पताल पर हमले में अब तक 25 लोगों की मौत हो गई है और 50 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं।

इस बीच प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान को चेतावनी दी कि उसे इसकी “पूरी कीमत चुकानी होगी”। इजरायली रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज ने कहा कि उन्होंने और पीएम ने मिलकर ईरान में रणनीतिक और सरकारी ठिकानों पर हमले और तेज करने के आदेश दिए हैं। दूसरी ओर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी ईरान पर हमलों की मंजूरी दे दी है। वहीं, ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने ट्रंप की बिना शर्त आत्मसमर्पण की मांग को खारिज कर दिया और चेतावनी दी कि अमेरिका को इस युद्ध में शामिल होने की कीमत चुकानी पड़ेगी।

ट्रंप-मुनीर मुलाकात पर विपक्ष का निशाना, राहुल गांधी का जन्मदिन भी चर्चा में रहा।

डोनाल्ड ट्रंप और पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर के बीच हुई व्हाइट हाउस में बंद कमरे की मुलाकात पर भी विवाद खड़ा हो गया है। ट्रंप ने कहा कि उन्होंने मुनीर को इसलिए बुलाया ताकि युद्ध में शामिल न होने और उसे रोकने के प्रयासों के लिए धन्यवाद दे सकें। उन्होंने यह भी बताया कि भारत और पाकिस्तान के साथ व्यापार समझौते पर बातचीत जारी है। हालांकि पाकिस्तान की ओर से इस बैठक पर अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई, जिससे डील को लेकर अटकलें तेज हैं।

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सवाल उठाया कि एक सैन्य अधिकारी को ट्रंप जैसे राष्ट्राध्यक्ष के साथ लंच पर आमंत्रित करना भारत की कूटनीति के लिए झटका है। टीएमसी ने भी मोदी सरकार से इस पर जवाब मांगा है।

इधर, राहुल गांधी ने 55वां जन्मदिन सादगी से मनाया। कांग्रेस मुख्यालय पर बधाई वाले होर्डिंग्स लगाए गए और पीएम मोदी ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं। सोनिया गांधी की तबीयत का हवाला देते हुए राहुल ने केक काटने से इनकार कर दिया और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *