एलन मस्क और ट्रंप में बढ़ रही हैं तल्खियां, आया अमेरिकी राजनीति में भूचाल

 

आज हम बात करने जा रहे हैं उस सियासी घमासान की जिसने अमेरिका की राजनीति में भूचाल ला दिया है। एक तरफ दुनिया के सबसे चर्चित बिजनेस टाइकून एलन मस्क हैं, और दूसरी ओर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप। कभी ये दोनों एक-दूसरे के करीबी माने जाते थे, लेकिन अब यह रिश्ता टूट चुका है। अब हालात ऐसे बन चुके हैं कि मस्क ने न सिर्फ ट्रंप के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल दिया है, बल्कि उनके खिलाफ महाभियोग तक की मांग कर दी है। इस टकराव ने अमेरिकी सत्ता के गलियारों में बेचैनी फैला दी है।

दोस्ती से दुश्मनी तक की कहानी

एक वक्त था जब एलन मस्क और डोनाल्ड ट्रंप साथ नजर आते थे—चाहे वह किसी बैठक में हो या किसी मंच पर। मस्क ने ट्रंप की नीतियों की कई बार तारीफ की थी और ट्रंप ने भी मस्क को अमेरिका का ‘गौरव’ कहा था। लेकिन अब रिश्ते में ऐसा मोड़ आया है कि सोशल मीडिया पर दोनों एक-दूसरे पर तीखे हमले कर रहे हैं। मस्क ने X पर पोस्ट करते हुए ट्रंप के खिलाफ महाभियोग की मांग की और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को अगला राष्ट्रपति बनाने की बात कह दी। एलन मस्क ने यह भी कहा कि डोनाल्ड ट्रंप उनके समर्थन के बिना कभी भी चुनाव नहीं जीत सकते थे।

एपस्टीन फाइल्स और सत्ता पर निशाना

मस्क ने ट्रंप के खिलाफ हमले की शुरुआत करते हुए लिखा—”अब वक्त आ गया है असली बम गिराने का!” इसके साथ ही उन्होंने ‘एपस्टीन फाइल्स’ का जिक्र किया, जो अमेरिका के सबसे संवेदनशील और विवादित मामलों में से एक है। इन फाइलों का नाम सामने आते ही वॉशिंगटन डीसी के सत्ता केंद्रों में हलचल मच गई है। वहीं, ट्रंप ने भी पलटवार करते हुए मस्क को ‘पागल’ बताया और उनकी कंपनियों को मिल रहे सरकारी ठेके और सब्सिडी खत्म करने की धमकी दे डाली।

इस खुली जंग ने सिर्फ ट्रंप की राजनीतिक स्थिरता पर सवाल खड़े नहीं किए हैं, बल्कि यह भी साफ कर दिया है कि मस्क अब केवल कारोबारी नहीं, बल्कि अमेरिका की राजनीतिक दिशा बदलने वाले खिलाड़ी के तौर पर उभर रहे हैं। ऐसे में अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या यह टकराव यहीं थमेगा या अमेरिकी राजनीति को किसी नई करवट की ओर ले जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *