अहमदाबाद विमान हादसे में एकमात्र बचे यात्री ने बताया- “जिंदा हूं, ये किसी चमत्कार से कम नहीं”

गुजरात के अहमदाबाद में हुआ Air India का विमान हादसा पूरे देश को हिला देने वाला है। लंदन के गैटविक एयरपोर्ट जा रहा बोइंग 787 ड्रीमलाइनर AI-171 उड़ान भरने के चंद मिनटों बाद ही क्रैश हो गया। इस हादसे में अब तक 265 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। लेकिन इस भयानक त्रासदी के बीच एक खबर थोड़ी राहत देने वाली है—इस हादसे में एक यात्री, रमेश विश्वास कुमार, किसी तरह जिंदा बच गए। उन्होंने खुद बताया कि यह किसी चमत्कार से कम नहीं था।

Air India की यह फ्लाइट दोपहर 1:39 बजे अहमदाबाद एयरपोर्ट से रवाना हुई थी। टेक-ऑफ के कुछ मिनटों बाद ही विमान ने नियंत्रण खो दिया और शहर के मेघानी नगर इलाके में स्थित बीजे मेडिकल कॉलेज की मेस बिल्डिंग से टकरा गया। इसके बाद विमान पास ही स्थित अतुल्यम हॉस्टल से भी टकरा गया, जिससे पूरा विमान आग की लपटों में घिर गया। आसमान में धुएं का गुबार और जमीन पर मलबा फैल गया।

रमेश विश्वास की आपबीती

विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें 12 क्रू मेंबर्स और 230 यात्री शामिल थे। इस हादसे में बचने वाले इकलौते यात्री रमेश विश्वास कुमार फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं। उन्होंने बताया, “हादसे के बाद जोरदार धमाका हुआ, सब तरफ आग और धुआं था। मैं जैसे-तैसे निकाला गया। मुझे अब तक यकीन नहीं हो रहा कि मैं जिंदा हूं।”

रमेश को स्थानीय एंबुलेंस सेवा ने तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। अस्पताल प्रशासन ने बाकी पीड़ितों की पहचान के लिए उनके परिजनों से डीएनए सैंपल लेने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

अनुभवी पायलट की कमान में था विमान

इस फ्लाइट को कैप्टन सुमित सभरवाल उड़ा रहे थे, जो 8200 घंटे से ज्यादा का उड़ान अनुभव रखते थे। उनके साथ फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर मौजूद थे। हादसे की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली से अहमदाबाद आने वाली सभी फ्लाइट्स को फिलहाल रद्द कर दिया गया है।

गुजरात बीजेपी अध्यक्ष सीआर पाटिल ने हादसे में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के निधन की पुष्टि की है। साथ ही, प्लेन क्रैश में बीजे मेडिकल कॉलेज के छात्र और हॉस्टल रेजिडेंट डॉक्टर भी इसकी चपेट में आए हैं। अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर जीएस मलिक ने जानकारी दी कि अभी 41 घायलों का इलाज चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *