RCB vs PBKS Final: 18 साल का इंतज़ार खत्म RCB ने रचा इतिहास, IPL 2025 की चैंपियन बनी

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 का फाइनल मुकाबला क्रिकेट प्रेमियों के लिए बेहद खास रहा, क्योंकि आखिरकार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने 17 साल की लंबी प्रतीक्षा खत्म करते हुए अपनी पहली आईपीएल ट्रॉफी जीत ली। अहमदाबाद में खेले गए इस रोमांचक फाइनल में बेंगलुरु ने पंजाब किंग्स (PBKS) को 6 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया। मैच में आखिरी ओवर तक सांसें थमने वाली टक्कर देखने को मिली, जहां पंजाब की टीम जीत के बेहद करीब पहुंचकर चूक गई।

बेंगलुरु की ठोस बल्लेबाज़ी बनी जीत की नींव

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बेंगलुरु की टीम,टीम की शुरुआत तेज रही। हालांकि फिल सॉल्ट 16 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए, लेकिन विराट कोहली ने मयंक अग्रवाल के साथ मिलकर पारी को संभाला। कोहली ने 43 रन की अहम पारी खेली, वहीं मयंक ने 24 रन का योगदान दिया। इसके बाद रजत पाटीदार (26), लियाम लिविंगस्टन (25), रोमारियो शेफर्ड (17) और जितेश शर्मा (24) ने उपयोगी पारियां खेलते हुए टीम को 190 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

पंजाब की ओर से अर्शदीप सिंह और काइल जैमीसन ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए तीन-तीन विकेट झटके। वहीं अज़मतुल्लाह ओमरज़ाई, विजय कुमार और युजवेंद्र चहल ने भी एक-एक विकेट लेकर बेंगलुरु की रफ्तार को रोकने की कोशिश की।

शशांक की कोशिश नाकाम, जीत से चूकी पंजाब

191 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब किंग्स की शुरुआत धमाकेदार रही। प्रियंश आर्य और प्रभसिमरन सिंह की जोड़ी ने तेजी से रन जोड़े, लेकिन बीच के ओवरों में लगातार विकेट गिरते गए। कप्तान श्रेयस अय्यर, नेहल वढ़ेरा और मार्कस स्टोइनिश अहम मौके पर फ्लॉप रहे। हालांकि शशांक सिंह ने अंत तक संघर्ष करते हुए टीम को जीत की ओर ले जाने की कोशिश की। आखिरी ओवर में पंजाब को 29 रन चाहिए थे, लेकिन शशांक केवल 22 रन ही बना सके।

बेंगलुरु की गेंदबाज़ी की बात करें तो क्रुणाल पांड्या ने सबसे किफायती और असरदार स्पेल फेंका। उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 17 रन देकर दो विकेट लिए। भुवनेश्वर कुमार ने भी दो सफलताएं हासिल कीं, जबकि यश दयाल, हैजलवुड और शेपर्ड को एक-एक विकेट मिला।

RCB की यह जीत न सिर्फ इतिहास में दर्ज हो गई, बल्कि उन तमाम फैन्स के लिए यादगार बन गई जो सालों से इस दिन का इंतज़ार कर रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *